‘मोदी और शाह जैसा जन्मदिन का तोहफा कोई और नहीं दे सकता’… शराब घोटाले में ED की छापेमारी के बीच भूपेश बघेल ने साधा निशाना

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटले में अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी जुड़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निजी निवास स्थान पर दविश दी है। इसकी जानकारी भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर दी है।

भूपेश बघेल ED Raid लाइव अपडेट

ईडी के छापे को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री पर निशाना

ईडी की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर भूपेश बघेल ने निशाना साधा है, उन्होंने बेटे के जन्मदिन पर छापे को लेकर ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि- जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं, वैसा दुनिया के किसी भी लोकतंत्र में कोई और नहीं दे सकता है।

कार्रवाई के बीच विधानसभा के लिए निकले बघेल

ईडी के कार्रवाई के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा के सत्र के लिए अपने निवास से निकल गए हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सामने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार केंद्रीय एजेंटीयों का दुरुपयोग कर रही है। जिसे जो करना है वह कर ले मुझे न्याय पालिका पर भरोसा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मुझे तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है परंतु मैं हार नहीं मानूंगा। भूपेश बघेल अपने निवास से 100 मीटर दूर नेशनल हाईवे पैदल ही समर्थकों के साथ चल कर आए। इस दौरान फोरलेन पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी।

शराब घोटाला मामले में भूपेश बघेल के घर छापा

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ का आबकारी घोटाल अब 2100 करोड़ से बढ़कर 3200 करोड़ का हो गया है। मामले में एजेंसियां लगातार जांच कर रही हैं।मंगलवार को ईडी टीम ने होटल कारोबारी विजय अग्रवाल के भिलाई स्थित निवास के साथ-साथ होटल और कई अन्य ठिकानों पर छापा मारा था।

बता दें कि छापेमारी के दौरान विजय अग्रवाल के जुड़े गोवा और दिल्ली के ठिकानों पर भी टीम ने दबिश दी थी। जिसमें ईडी को 70 लाख रुपये नगद बरामद हुए थे। होटल कारोबारी विजय अग्रवाल पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में अब शुक्रवार को सुबह तड़के ईडी ने भूपेश बघेल के घर छापा मार दिया है।

इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि- ईडी आ गई। आज विधानसभा के सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठाना था। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने ED भेज दी है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है। ऐसे में भूपेश बघेल ने साय सरकार पर आरोप लगाया है कि सदन में तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठाया जाना था, लेकिन ऐसा न हो सके इसलिए लिए यह ईडी की कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close