तिरुवनंतपुरम: CM सतीसन के काफिले को रोकने का आरोप, कांग्रेस नेता चेंथी अनी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

तिरुवनंतपुरम में पुलिस ने शनिवार को कांग्रेस नेता अनिल कुमार उर्फ चेंथी अनी को मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन के काफिले को रोकने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. अनी तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति के नेता हैं. मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम चेम्पाझंथी में श्री नारायण गुरु जयंती कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. पुलिस के अनुसार, चेंथी में कार्यक्रम आयोजित कर रहे लोगों के एक समूह ने मुख्यमंत्री की गाड़ी को रुकने का इशारा किया. सीएम अनुरोध करने पर गाड़ी से उतरे. टेलीविजन फुटेज में उन्हें अनी के साथ बहस करते देखा गया.
कुछ मिनट रुकने के बाद मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी में लौट कर आगे बढ़ गए. पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम में चेंथी का कोई जिक्र नहीं था. ऐसे में अनी को हिरासत में लेकर श्रीकार्यम पुलिस स्टेशन ले जाया गया. पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तारी कर लिया गया. उन पर एफआईआर का मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 351(2) और 132 के तहत दर्ज किया गया है. ये धाराएं गलत तरीके से रोकने, आपराधिक धमकी और लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकने से संबंधित हैं.
‘मुझे गुस्सा आ गया तो तुम क्या कर लोगे?’
एफआईआर के मुताबिक, शाम करीब 5:55 बजे मुख्यमंत्री की गाड़ी रुकी. आरोप है कि उन्होंने आक्रामक अंदाज में पूछा कि तय कार्यक्रम होने के बावजूद वे क्यों नहीं आ रहे. जब आक्रामक व्यवहार न करने को कहा गया तो उसने धमकी दी, “अगर मुझे गुस्सा आ गया तो तुम क्या कर लोगे?”
एफआईआर में कहा गया है कि उन्होंने सबके सामने मुख्यमंत्री का अपमान किया. काफिले के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली. मामला इलाके में रास्ता खाली कराने वाले अधिकारी के बयान पर आधारित है. पुलिस ने कहा कि अनी को रिमांड प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा. घटना के वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. घटना के बाद आयोजकों ने कुछ महीने पहले सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करने की तस्वीर जारी की.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को स्थल का दौरा किया था. इस बीच जिला कांग्रेस समिति घटना की जानकारी जुटा रही है. कई कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल न होने और अनी की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई है.











