रायगढ़ में यात्री प्रतीक्षालय से 1 लाख पार,दो गिरफ्तार:दुर्घटना की सहायता राशि लेकर घर जाने निकले थे युवक, पुलिस ने दो चोरों को दबोचा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बस स्टैंड पर दो युवकों के बैग से 1 लाख रुपए चोरी कर लिए। दोनों युवक घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। तभी चोर ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित युवकों की शिकायत पर पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ कटाईपाली निवासी गजेन्द्र कुमार राठिया (24) और विजय कुमार राठिया मंगलवार को बिलासपुर कोर्ट गए थे। वहां से उन्हें दुर्घटना सहायता के रूप में 1 लाख रुपए मिले। रात हो जाने पर दोनों युवक केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में बस का इंतजार करते हुए यात्री प्रतीक्षालय में सो गए। इसी दौरान दो चोरों ने उनके बैग से 1 लाख रुपए समेत अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए।
आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस भी हुआ चोरी
सुबह जब दोनों की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि बैग का चैन खुला हुआ है और उसमें रखे रुपए, पर्स और कागजात गायब हैं। चोरी गए सामान में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी और बाइक के कागजात शामिल हैं।
दोनों युवकों ने गुरुवार को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में पूछताछ के दौरान बापूनगर के दो संदिग्ध विवेक सारथी और दीपक डोंगरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।










