भोपाल के स्नूकर क्लब में 10वीं के छात्र को 30 सेकंड में 27 बार मारे चाकू, वीडियो हो रहा वायरल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक स्नूकर क्लब में 10वीं के छात्रा को 30 सेकंड में 27 बार चाकू मारने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद ही यह वीडियो वायरल किया।
वायरल हो रहे फुटेज में दिख रहा है कि दो नाबालिग फिल्मी स्टाइल में स्नूकर क्लब घुसते हैं। कुछ ही समय में 16 साल के छात्र पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला शुरू कर देते हैं। इसके बाद वो वहां से तेजी से भाग निकलते हैं।
हमले में छात्र की एक कलाई पर 10 से ज्यादा गंभीर घाव हुए हैं। वहीं दूसरे हाथ की दो अंगुलियां कट गई हैं। इसके साथ ही उसके कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोट आई है। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर हमलावरों के चंगुल से छूटकर भागा। गंभीर घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसका इलाज किया जा रहा है।
घायल छात्र भोपाल के गौतम नगर पुलिस थाना इलाके का रहने वाला है। वह रोजाना स्नूकर क्लब में जाता था। उस पर हमला करने वाला आरोपी 16 साल का है और 10वीं कक्षा का छात्र है।
वह उसी कोचिंग में जाता है जहां पीड़ित पढ़ने जाता है। जांच में सामने आया है कि हमले की वजह कुछ दिनों पहले हुई रंजिश है, जिसमें पीड़ित छात्र ने हमले के आरोपी दोनों छात्रों को टांचा मारा था। इसी का बदला लेने के लिए वो स्नूकर क्लब पहुंचे।











