टहलते समय तीसरी मंजिल से गिरी 12वीं की छात्रा, इलाज के दौरान मौत

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में तीसरे माले से अचानक 12वीं कक्षा की छात्रा गिर गई. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे की है. पूरा मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, छात्रा अनन्या सर्वे के पिता राजेश सर्वे मेडिकल कॉलेज के स्थापना शाखा में कर्मचारी हैं. वह अपने परिवार के साथ आवासीय परिसर के टाइप-6 भवन की तीसरी मंजिल में रहती थी. सुबह वह छत पर टहल रही थी, इस बीच वह अचानक नीचे गिर गई, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई. परिवार बच्ची को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे. इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया. मृतिक छात्रा का आज बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था.
घटना के बाद पूरे परिसर में मातम छा गया. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को गृह ग्राम बिलासपुर के गनियारी ले गए हैं.
7 साल पहले बुजुर्ग महिला की गिरने से हुई थी मौत
बताया जा रहा है कि इसी बिल्डिंग में 7 साल पहले भी एक बुजुर्ग महिला गिरी थी. घटना में उसकी मौत हो गई थी. बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.











