रायगढ़ के तमनार में 34 हाथियों का डेरा:मकानों को पहुंचाया नुकसान, ग्रामीणों ने फसल के साथ हाथियों को बचाने देवी मंदिर में की पूजा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार रेंज में 34 हाथियों का झुंड घूम रहा है। रात के समय ये हाथी किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे परेशान ग्रामीणों ने समारूमा जंगल के देवी मंदिर में पूजा की। उन्होंने प्रार्थना की कि हाथियों से किसी की जान न जाए, फसल का नुकसान न हो और हाथी भी सुरक्षित रहें।

पिछले कुछ दिनों से हाथियों का यह झुंड समारूमा बीट में घूम रहा है। दोपहर के बाद वे जंगल के किनारे आ जाते हैं और सड़क पर काफी देर तक रुककर इधर-उधर घूमते रहते हैं।

इस दौरान वन विभाग और ग्रामीण दोनों तरफ से सड़क पर वाहनों को रोक देते हैं, ताकि कोई हादसा न हो। मंगलवार को ग्रामीण समारूमा जंगल के पास मौजूद देवी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

उन्होंने अगरबत्ती जलाकर और नारियल चढ़ाकर प्रार्थना की कि हाथियों से फसल और लोगों को नुकसान न हो, और हाथी भी सुरक्षित रहते हुए आगे बढ़ जाएं। पूजा के बाद ग्रामीणों ने लोगों को प्रसाद भी बांटा।

रात में फसल और मकान को नुकसान पहुंचाया

मंगलवार की रात 34 हाथियों का झुंड तमनार रेंज के समारूमा बीट के छेडोरिया गांव पहुंचा। यहां उन्होंने 6 किसानों की धान की फसल, कुछ मकान और ट्यूबवेल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद सुबह होने से पहले वे फिर जंगल की ओर लौट गए। इस झुंड में 8 नर, 18 मादा और 8 बेबी एलीफेंट शामिल हैं।

ग्रामीणों को समझाइश भी दे रहे

तमनार रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने हाथियों से फसल और लोगों को नुकसान न हो, इसलिए पूजा-पाठ किया था। उन्होंने कहा कि 34 हाथियों का झुंड इस समय समारूमा बीट में मौजूद है।

ऐसी स्थिति में प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों के साथ बैठकर उन्हें जरूरी जानकारी दी जा रही है और सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है। वन विभाग की टीम हाथियों के इस झुंड पर लगातार निगरानी रख रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com