छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, दुर्ग में टूटा 55 साल पुराना रिकॉर्ड

छत्तीसगढ़ में मानसून की तेज बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 181 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसने वर्ष 1970 के बाद का 55 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं राजधानी रायपुर में 154.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो शहर में दर्ज सबसे अधिक बारिश की घटनाओं में चौथे स्थान पर रही।
प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। रायपुर सहित कई शहरों के रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। अंडरब्रिज, मुख्य सड़कें और निचले क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार शाम से शुरू हुई बारिश रविवार भर जारी रहने के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी नहीं निकल पाया और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक प्रदेश में औसत से 67 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, लेकिन जुलाई के शुरुआती दिनों में हुई भारी वर्षा से स्थिति में काफी सुधार आया है। 1 जून से 5 जुलाई तक प्रदेश में कुल 167.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 247.7 मिमी है। अब बारिश की कमी घटकर लगभग 33 प्रतिशत रह गई है।
दुर्ग में 5 जुलाई को हुई 181 मिमी बारिश ने 2 जुलाई 1970 को दर्ज 169.6 मिमी वर्षा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा राजिम में 190 मिमी, छुरा में 160 मिमी, पाटन में 150 मिमी, गोबरा नवापारा और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 140 मिमी, अर्जुंदा में 130 मिमी, लाभांडी और गुंडरदेही में 120-120 मिमी, भिलाई में 110 मिमी तथा कोमाखान और मर्री बंगला देवरी में 100-100 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के 10 जिले सामान्य वर्षा की श्रेणी में पहुंच गए हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दंतेवाड़ा में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। फिलहाल 19 जिले अब भी सामान्य से कम वर्षा वाले हैं, जबकि दो जिलों में बहुत कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने 8 जुलाई तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बने रहने का अनुमान जताया है। अगले 24 घंटे के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना व्यक्त की गई है।











