महाराष्ट्र: अहिल्यानगर में NEET छात्रा ने किया सुसाइड, एग्जाम में कम नंबर आने से डिप्रेशन में थी…मौत से पहले कागज पर लिख गई दर्द

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के करजत तालुका के जलालपुर गांव में एक 18 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान अंकिता सांगले के रूप में हुई है. परिवार के मुताबिक, NEET एग्जाम में उम्मीद से कम अंक आने के कारण वह डिप्रेशन में थी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार, अंकिता मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रही थी और NEET परीक्षा की तैयारी में लंबे समय से जुटी हुई थी. हाल ही में घोषित परिणाम में उसे 166 अंक मिले थे. परिवार का कहना है कि अंकिता को इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी. कम अंक आने के बाद वह लगातार तनाव में रहने लगी थी और इसी मानसिक दबाव में उसने यह कदम उठा लिया.
कमरे में पढ़ाई के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
परिवार ने बताया कि अंकिता के लिए घर में पढ़ाई का अलग कमरा बनाया गया था. रविवार शाम वह अपने कमरे में पढ़ाई करने गई थी. काफी देर तक जब कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. अंकिता फंदे से लटकी हुई मिली. उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.
सुसाइड नोट में NEET का जिक्र
परिवार का कहना है कि अंकिता ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. मराठी में लिखे सुसाइड नोट का हिंदी अनुवाद कुछ इस तरह है…’मुझे इतना प्यार दिया, लेकिन मैं आपकी एक भी इच्छा पूरी नहीं कर सकी. मम्मी, तुमने तो हर मुसीबत में दोस्त बनकर मेरा साथ दिया. दादा (भाई), तुमने भी मेरा बहुत साथ दिया. मेरी आत्महत्या के लिए आप जिम्मेदार नहीं हैं. आपने मुझे जो खुशी दी है, उसे मैं कभी नहीं भूल सकती.’
सुसाइड नोट में आगे लिखा है कि ‘दादा, तुम मम्मी-पापा का अच्छे से ख्याल रखना. उन्हें किसी चीज़ की कमी मत होने देना. तुम भी खुश रहो. मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना. मैं आपको कोई खुशी नहीं दे सकी. पहले भी मैं NEET की पढ़ाई कर रही थी, तब भी आप सबने बहुत त्याग किया और मैंने क्या किया, आपकी इच्छा पूरी नहीं कर सकी. अब कोई परेशानी मत लेना, खुश रहो. आपकी अंकिता. ‘ हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक तौर पर सुसाइड नोट की सामग्री की पुष्टि नहीं की है. जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
अन्ना सांगले की सूचना पर स्थानीय पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है.
सांसद नीलेश लंके ने सरकार पर साधा निशाना
घटना के बाद एनसीपी (शरद पवार गुट) के सांसद नीलेश लंके ने अंकिता के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की. उन्होंने इस घटना के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यदि NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच समय पर होती तो शायद ऐसी घटनाएं टाली जा सकती थीं. उन्होंने मांग की कि यदि जांच में लापरवाही या पेपर लीक की भूमिका सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए.











