अंबिकापुर में 9वीं के छात्र की हत्या, जंगल में मिला शव; चेहरे पर पत्थर से वार के निशान

अंबिकापुर जिले में 9वीं कक्षा के एक छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्र का शव टिहरी जंगल में मिला, जिसके चेहरे पर भारी पत्थर से हमला किए जाने के निशान पाए गए हैं। उसके पैर में भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ग्राम सलका निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर के रूप में हुई है। वह गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह योग करने पहुंचे लोगों ने टिहरी जंगल में छात्र का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचला गया था और शरीर पर चोट के कई निशान मौजूद थे।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वीरेंद्र सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।











