आवासीय विद्यालयों में 9वीं प्रवेश परीक्षा आज: प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के चयन के लिए होगी प्राक्चयन परीक्षा

मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आज प्राक्चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मिलेगा अवसर

योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट और एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग भी दी जाती है।

आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया के तहत परीक्षा कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिया गया था।

सुबह 10 बजे से शुरू होगी परीक्षा

प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में सुबह 9:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इसी दौरान ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए हैं।

10 मई सुबह तक डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र

प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अंतिम अवधि 10 मई सुबह 9:30 बजे तक निर्धारित की गई थी। विभाग ने अभ्यर्थियों से ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अपील की थी, ताकि परीक्षा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

परीक्षा के लिए जिले में विभिन्न केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com