महिला आयोग की सुनवाई में बड़ा मामला: 13 नर्सों ने लगाया आधी सैलरी हड़पने का आरोप, FIR के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान 13 नर्सों से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया। ईएसआईसी अस्पताल रायपुर में कार्यरत नर्सों ने नौकरी दिलाने वाली एजेंसी पर उनकी आधी सैलरी निकालने का आरोप लगाया। मामले में महिला आयोग ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

नर्सों के अनुसार, करीब दो साल पहले उन्हें एक निजी एजेंसी के माध्यम से ईएसआईसी अस्पताल रायपुर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर नियुक्त किया गया था। उनका वेतन 40 से 48 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित था, लेकिन उन्हें कथित तौर पर वेतन की केवल आधी राशि ही मिलती थी।

नर्सों ने आरोप लगाया कि एजेंसी के मालिक, ठेकेदार और सुपरवाइजर ने उनके पासबुक, चेकबुक और एटीएम अपने पास रखे हुए थे। वेतन खाते में आने के बाद एजेंसी के कर्मचारी कथित तौर पर उसका आधा हिस्सा निकाल लेते थे। नर्सों ने एजेंसी के साथ अस्पताल और बैंक की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है।

सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष लगातार अनुपस्थित रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग ने नर्सों को आरोपित पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। आयोग ने यह भी कहा कि इस मामले में नर्सों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

महिला आयोग की सुनवाई में इस दिन कुल छह प्रकरणों का निराकरण किया गया। अन्य मामलों में भरण-पोषण, घरेलू विवाद, मारपीट और सामाजिक बहिष्कार से संबंधित शिकायतों पर भी सुनवाई हुई।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com