टीम इंडिया ने इंग्लैंड के साथ-साथ तोड़ा पाकिस्तान का घमंड, SENA देशों में रच दिया इतिहास

शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने जब रविवार 6 जुलाई को इंग्लैंड को बर्मिंघम के एजबेस्टन में हराया तो कई रिकॉर्ड इस दौरान भारतीय टीम ने अपने नाम किए। एजबेस्टन में पहली बार किसी एशियन टीम ने जीत दर्ज की। इसके अलावा पहली बार किसी एशियाई टीम ने इस मैदान पर 1000 से ज्यादा रन बनाए। इसके अलावा भी कई रिकॉर्ड भारत ने अपने नाम किए, जिनमें ये रिकॉर्ड बहुत ही ज्यादा खास है, जिसमें भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पछाड़ा है। बर्मिंघम में इससे पहले भारत ने कभी भी कोई टेस्ट मैच नहीं जीता था।
भारतीय टीम अब एशिया की पहली ऐसी टीम है, जिसने SENA देशों में यानी साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीते हैं। टीम इंडिया इन चार देशों में कुल 30वां मुकाबला जीता। वहीं, पाकिस्तान ने SENA देशों में कुल 29 मुकाबले जीते थे। हालांकि, पाकिस्तान ने भारत के मुकाबले कम मैच इन देशों में खेले हैं। भारत ने 178 टेस्ट मैचों में सिर्फ 30 मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान ने 148 मैचों में 29 मुकाबले साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में जीते हैं।
लिस्ट में तीसरा नाम श्रीलंका का है, लेकिन श्रीलंका ने सिर्फ 9 ही मुकाबले अब तक SENA देशों में जीते हैं। श्रीलंका की टीम ने 76 मुकाबले अब तक इन चार देशों में खेले हैं। बांग्लादेश की टीम अभी तक सिर्फ एक ही मैच जीत पाई है। बांग्लादेश ने साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में कुल 25 मुकाबले खेले हैं और इनमें से सिर्फ एक मैच में जीत दर्ज की है। जनवरी 2022 में बांग्लादेश की टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच जीता था, जबकि अन्य तीन देशों में अभी तक बांग्लादेश का खाता नहीं खुला है। भारतीय टीम ने कमाल का खेल इस मुकाबले में दिखाया था। टीम पहला मैच 5 विकेट से हारी थी।










