टेस्ट के इतिहास में मात्र 9वीं घटना जब पहली पारी में दोनों टीमों का स्कोर रहा बराबर; 2 बार ही निकला नतीजा

लॉर्ड्स में जारी इंडिया वर्सेस इंग्लैंड तीसरे टेस्ट के दौरान फैंस उस समय हैरान हो गए जब दोनों टीमों ने पहली पारी में बराबर स्कोर बनाया। जी हां, दोनों में से कोई टीम पहली पारी के बाद लीड ही नहीं ले पाया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने जो रूट के शतक के दम पर 387 रन बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में भारत के लिए केएल राहुल ने शतकीया पारी खेली और टीम इंडिया भी अपनी पहली पारी में 387 रन बनाने में कामयाब रही। यह पहली घटना नहीं है जब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली पारी में दोनों टीमों ने बराबर स्कोर बनाया हो। इससे पहले 8 बार ऐसा हो चुका है, मगर चिंता की बात यह है कि मात्र दो ही बार ऐसे में मैच का रिजल्ट निकल पाया है। आईए एक नजर लिस्ट पर डालते हैं-

भारत के साथ 2 बार पहले भी हो चुका है ऐसा

 

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा 1910 में साउथ अफ्रीका वर्सेस इंग्लैंड टेस्ट मैच के दौरान हुआ था जब पहली पारी में दोनों टीमों ने बराबर रन बनाए थे। वहीं इस लिस्ट में भारत का नाम पहले से शामिल है। कानपुर में 1958 में वेस्टइंडीज के खिलाफ और बर्मिंघम में 1986 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के साथ पहले भी ऐसा हो चुका है। हालांकि इन दोनों मुकाबलों का अंत ड्रॉ के साथ हुआ था।

वेस्टइंडीज ने रचा था इतिहास

 

पहली बार के बाद बराबर रहे स्कोर की इस लिस्ट में जिन दो टीमों को जीत मिली है, वह वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड की है। कीवी टीम ने यह कारनामा 2015 में किया था। वहीं 2003 में जब वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी तो उन्होंने इतिहास रचा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए उस मुकाबले में दोनों टीमों ने पहली पारी में 240-240 रन बनाए थे। इसके बाद कंगारुओं ने मेजबानों के सामने 417 रन बनाकर मुश्किल में डाल दिया था, मगर वेस्टइंडीज ने इस स्कोर को चेज कर इतिहास रच दिया था। यह आज भी टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में चेज किया गया सबसे बड़ा टारगेट है।

पहली पारी में दोनों टीमों के बराबर स्कोर और मैच रिजल्ट

 

साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, डरबन, 1910, ड्रॉ

भारत बनाम वेस्टइंडीज, कानपुर, 1958, ड्रॉ

पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड, 1973, ड्रॉ

वेस्टइंडीज बनाम ऑस्ट्रेलिया, किंग्स्टन, 1973, ड्रॉ

इंग्लैंड बनाम भारत, बर्मिंघम, 1986, ड्रॉ

वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, सेंट जॉन्स, 1994, ड्रॉ

वेस्टइंडीज बनाम ऑस्ट्रेलिया, सेंट जॉन्स, 2003, वेस्टइंडीज जीता

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, लीड्स, 2015, न्यूजीलैंड जीता

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com