जसप्रीत बुमराह ये क्या कर डाला, इंग्लैंड में लगाई ‘0’ की हैट्रिक; शर्मनाक लिस्ट में निकले रोहित-सचिन से आगे

इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा रहे टीम इंडिया के सुपरस्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बल्ले से एकदम फ्लॉप नजर आ रहे हैं। बुमराह ने अभी तक इंग्लिश सरजमीं पर इस सीरीज में तीन पारियां खेली हैं और हैरानी की बात यह है कि वह एक भी पारी में खाता नहीं खोल पाए। जी हां, इस सीरीज में वह 0 पर आउट होने की हैट्रिक लगा चुके हैं। बुमराह के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उनकी खराब बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है। पिछली 7 पारियों में जसप्रीत बुमराह 6 बार 0 पर आउट हुए हैं। इसी के साथ उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की शर्मनाक लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा को भी पछड़ दिया है।
लॉर्ड्स टेस्ट में 0 पर आउट होने के बाद जसप्रीत बुमराह के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 35वां डक जुड़ गया है। वहीं सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा 34-34 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं।
भारत के लिए सबसे ज्यादा बार 0 पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जसप्रीत बुमराह अब संयुक्त रूप से पांचवें पायदान पर हैं। उनके अलावा पूर्व कप्तान अनिल कुंबले भी 35 बार अपने करियर में 0 पर आउट हुए हैं।
जहीर खान के नाम भारत के लिए सबसे ज्यादा बार 0 पर आउट होने का शर्मनाक रिकॉर्ड है, वह अपने करियर मं कुल 43 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं। 0 पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की इस लिस्ट में विराट कोहली का नाम हैरान कर देने वाला है। कोहली टॉप-5 में हैं।
भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 0 पर आउट होने वाले बल्लेबाज-
जहीर खान- 43
इशांत शर्मा- 40
विराट कोहली- 38
हरभजन सिंह- 37
अनिल कुंबले- 35
जसप्रीत बुमराह- 35
सचिन तेंदुलकर- 34
रोहित शर्मा- 34
वहीं वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात करें तो, सभी फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा 59 बार 0 पर आउट होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के लीजेंड मुथैया मुरलीधर के नाम है। उनके अलावा लिस्ट में सिर्फ 2 बल्लेबाजों ने 50 का आंकड़ा पार किया है। इस में कोर्टनी वाल्श और सनथ जयसूर्या का नाम शामिल है।





