IPL 2026 के लिए हुआ ऐलान, कई साल इंटरनेशनल मैच खेलने वाला भारतीय बना इस टीम का बॉलिंग कोच

IPL 2026 की तैयारियों में जुटी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने सोमवार 14 जुलाई को बड़ा ऐलान करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वरुण आरोन को अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है।
यह जिम्मेदारी उन्हें न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स फ्रैंकलिन की जगह दी गई है, जो पिछले दो सीजन से इस पद पर कार्यरत थे।
टीम ने इस खबर की पुष्टि अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर की और लिखा – “हमारे कोचिंग स्टाफ में एक शानदार इजाफा! वरुण आरोन का हमारे नए गेंदबाजी कोच के रूप में स्वागत है!” इस नई शुरुआत के साथ SRH की गेंदबाजी इकाई को नई दिशा देने की उम्मीद की जा रही है।
वरुण आरोन, जो अपनी तूफानी रफ्तार और आक्रामक शैली के लिए पहचाने जाते हैं, ने इसी साल प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास लिया है।
150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने की क्षमता रखने वाले इस पूर्व पेसर ने भारत के लिए 2011 से 2015 के बीच 9 टेस्ट और 9 वनडे मुकाबले खेले। हालांकि बार-बार की चोटों ने उनके इंटरनेशनल करियर को सीमित किया, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उन्होंने अपनी तेज़ गेंदबाजी से खूब वाहवाही बटोरी।
संन्यास के बाद वरुण आरोन ने टीवी पर क्रिकेट एक्सपर्ट के रूप में नई पारी शुरू की थी। अब कोचिंग की भूमिका में उनका आगमन न केवल SRH के गेंदबाजों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, बल्कि टीम के प्रदर्शन को भी निखार सकता है। एक तेज गेंदबाज के रूप में उनके अनुभव और तकनीकी समझ से युवा और अनुभवी गेंदबाजों को भरपूर लाभ मिलने की उम्मीद है।
सनराइजर्स हैदराबाद की पहचान हमेशा से उसकी मजबूत गेंदबाजी रही है, लेकिन पिछले कुछ सीजन में यह धार कहीं कम होती दिखी, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा। आईपीएल 2025 में SRH छठे स्थान पर रही थी। ऐसे में वरुण आरोन की एंट्री टीम के लिए एक नई ऊर्जा और रणनीतिक मजबूती का संकेत देती है।










