CG News-स्कूल से लौटते वक्त शिक्षक की धारदार हथियार से हत्या

CG NEWS/छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक शिक्षक सतीश राय, शासकीय प्राथमिक शाला हेमाबंद में पदस्थ थे .

रोज की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी खण्डसरा थाना क्षेत्र के ग्राम करचुवा के पास अज्ञात हमलावरों ने रास्ता रोककर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उनकी मौके पर ही हत्या कर दी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। अब तक हत्यारों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों और साथियों से पूछताछ जारी है ताकि हत्या के पीछे की वजह सामने आ सके।

चौंकाने वाली बात यह है कि बेमेतरा जिले में यह पहली ऐसी घटना नहीं है।

इससे पहले भी एक शिक्षक विजय वर्मा की हत्या कर दी गई थी, जिसमें पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इन दो हत्याओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब शिक्षक जैसे संवेदनशील और सम्मानित पेशे से जुड़े लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।

फिलहाल सतीश राय की हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, निजी विवाद या अन्य एंगल की जांच कर रही है। एक ओर जहां परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं शिक्षा जगत में भी इस हत्या को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर कर रख दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंच पाती है या नहीं और क्या शिक्षा विभाग अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी अन्य अपराधों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com