पूर्व विधायक संतराम नेताम खेतों में कर रहे काम:धान की कटाई-मिंजाई में खुद उठा रहे धान के भारे, बोले- आज भी मैं किसान हूं

केशकाल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम इन दिनों अपने खेतों में काम करते नजर आ रहे हैं। वे धान की कटाई और मिंजाई के काम में मजदूरों के साथ पसीना बहा रहे हैं।

नेताम पारंपरिक अंदाज में धान के भारे अपने कंधों पर उठाकर खेतों से घर तक लाते नजर आ। इसके साथ ही वे खुद थ्रेसर मशीन चलाकर धान की मिंजाई भी कर रहे हैं। संतराम नेताम ने बताया कि राजनीति में आने से पहले से ही वे खेती-किसानी करते आ रहे हैं।

विधायक रहते हुए भी उनका खेती से नाता कभी नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि आज भी मैं किसान हूं और यही मेरा पेशा व आय का प्रमुख स्रोत है। खेती ही उनकी “पहली पाठशाला” रही है, जहां से उन्होंने जीवन और श्रम का असली अर्थ सीखा। नेताम ने युवाओं से भी खेती-बाड़ी की ओर रुझान बढ़ाने की अपील की।

उनका मानना है कि आज की पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनने के लिए खेती को अपनाना चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि एक पूर्व विधायक होकर भी वे खुद खेतों में काम क्यों कर रहे हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “अपने खेती अपने सेती।”

close