BSP प्लांट में हादसा: हाईवा की चपेट में आया मजदूर, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में मंगलवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई। घटना प्लांट के भीतर उस समय हुई जब एक हाईवा वाहन ने मजदूर को टक्कर मार दी। घायल मजदूर को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय हर्षवर्धन निषाद के रूप में की गई है।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बीएसपी के गेट-1 पर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और छोटे भाई को नौकरी दी जाए। जाम लगने से आसपास का यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

परिजनों का आरोप है कि प्लांट के अंदर सुरक्षा व्यवस्था बेहद लचर है। उनका कहना है कि हादसे के समय वहां मौजूद लोगों ने भी घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद नहीं की। एम्बुलेंस भी देर से पहुंची, जिसके कारण घायल मजदूर काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। परिवार का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन की लापरवाही ने एक युवा की जान ले ली। मृतक की बहन ने यह भी बताया कि कर्मचारियों को मिलने वाले सुरक्षा किट भी खराब स्थिति में हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में रहती है।

परिवार ने बताया कि दुर्घटना के बाद एम्बुलेंस आने में करीब 15 मिनट का समय लग गया। इस दौरान किसी भी कर्मचारी ने घायल को हाथ लगाने तक की कोशिश नहीं की। बाद में एम्बुलेंस से उसे मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मरच्यूरी में रखा गया।

घटनास्थल पर पहुंचे बीएसपी प्रबंधन ने परिजनों से बातचीत की और अनुकंपा नियुक्ति के तहत छोटे भाई को नौकरी देने का आश्वासन दिया। साथ ही, 10 लाख रुपये की बीमा राशि उपलब्ध कराने की बात भी कही। आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे दुर्घटनाओं को देखते हुए प्लांट की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं और कर्मचारी सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग कर रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com