WhatsApp में आए नए सिक्योरिटी फीचर्स, स्कैम और अकाउंट हैकिंग पर लगेगी लगाम

मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप ने यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए सिक्योरिटी फीचर्स रोलआउट करने का ऐलान किया है. नए अपडेट में एक ही व्हाट्सएप अकाउंट के लिए एक से ज्यादा पासकी जोड़ने, मजबूत टू-स्टेप वेरिफिकेशन और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल के बारे में ज्यादा जानकारी देने की सुविधा मिलेगी. कंपनी का कहना है कि इन फीचर्स से यूजर्स को स्कैम और अकाउंट हैकिंग से बचने में ज्यादा मदद मिलेगी.
एक अकाउंट पर जोड़ सकेंगे कई पासकी
व्हाट्सएप के मुताबिक दुनियाभर में 1 अरब से ज्यादा लोग अब पासकी का इस्तेमाल कर रहे हैं. पासकी की मदद से यूजर को दोबारा अकाउंट में लॉग इन करने के लिए वेरिफिकेशन कोड डालने की जरूरत नहीं होती. इसके बजाय फिंगरप्रिंट, फेस आईडी या फोन के स्क्रीन लॉक से अकाउंट में लॉग इन किया जा सकता है. नए अपडेट के बाद जिन यूजर्स के पास एंड्रॉयड और आईओएस दोनों डिवाइस हैं, वे एक ही व्हाट्सएप अकाउंट के लिए एक से ज्यादा पासकी जोड़ सकेंगे. यह विकल्प सेटिंग्स > अकाउंट > पासकीज में मिलेगा.
टू-स्टेप वेरिफिकेशन होगा ज्यादा मजबूत
व्हाट्सएप ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन में भी बदलाव किया है. पहले यूजर्स अपने अकाउंट को 6 अंकों के पिन से सुरक्षित कर सकते थे. अब व्हाट्सएप यूजर्स को अक्षर, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर वाला पूरा पासवर्ड बनाने की सुविधा दे रहा है. कंपनी के अनुसार इससे हमलावरों के लिए सिक्योरिटी जानकारी का अनुमान लगाना मुश्किल होगा. व्हाट्सएप ने यूजर्स को कमजोर पासवर्ड जैसे 123456 का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी है.
अनजान कॉल आने पर मिलेगी ज्यादा जानकारी
व्हाट्सएप अब सेव न किए गए नंबरों से आने वाली कॉल के दौरान ज्यादा जानकारी दिखाएगा. एंड्रॉयड पर यूजर्स यह देख सकेंगे कि कॉल करने वाला नंबर किसी दूसरे देश का है या नहीं और क्या वह कॉलर यूजर के साथ किसी ग्रुप में शामिल है. इस जानकारी से यूजर को यह तय करने में मदद मिलेगी कि अनजान कॉल उठानी है या नहीं. कंपनी के मुताबिक स्कैम करने वाले अक्सर लोगों पर जल्द जवाब देने का दबाव बनाते हैं. नए फीचर्स के साथ पर्सनल मैसेज और कॉल में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पहले की तरह जारी रहेगा.











