सहारनपुर में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती, 1 जनवरी से अब तक 4500 वाहनों के कटे चालान

सहारनपुर: बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है. जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. 1 जनवरी 2026 से अब तक सहारनपुर पुलिस द्वारा करीब 4500 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं. इनमें से लगभग 3000 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के हैं, जो सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही को दर्शाता है.

इसके अलावा तेज रफ्तार से वाहन चलाने, सीट बेल्ट न लगाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि सर्दियों के मौसम में दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में ट्रैफिक नियमों का पालन बेहद जरूरी हो जाता है. इसी उद्देश्य से शहर और देहात के उन स्थानों को क्रिटिकल कॉरिडोर के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां हादसों की संभावना अधिक रहती है.

इन क्षेत्रों में विशेष टीमों की तैनाती कर सघन चेकिंग कराई जा रही है. पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों का गठन किया गया है, जो दिन-रात निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं. एसपी सिटी व्योम बिंदल ने आमजन से अपील की है कि ठंड और कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें.

उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी. पुलिस का मानना है कि नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है.

close