ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग जागरूकता बढ़ाने दो मोबाइल वैन रवाना

छत्तीसगढ़ में वित्तीय साक्षरता और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की ओर से दो मोबाइल वैन को रवाना किया गया है। इन वैनों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों तक बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी जानकारी पहुंचाई जाएगी।

नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के कॉर्पोरेट कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इन मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर नाबार्ड और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जानकारी के विस्तार को महत्वपूर्ण कदम बताया।

मोबाइल वैन के जरिए विभिन्न गांवों में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं, डिजिटल लेन-देन, बचत योजनाएं, ऋण, बीमा, पेंशन और वित्तीय अनुशासन से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

दंतेवाड़ा जिले में संचालित मोबाइल वैन सुकमा और बीजापुर जिलों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेगी। वहीं बलौदाबाजार जिले की वैन महासमुंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान करेगी।

इन मोबाइल वैन के संचालन के लिए नाबार्ड द्वारा वित्तीय समावेशन निधि के अंतर्गत आर्थिक सहायता दी गई है। इससे प्रदेश में वित्तीय समावेशन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा की बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का कार्य जारी रहेगा।

close