इंदौर में सोना-चांदी के दामों में फिर उछाल

इंदौर में सोने और चांदी के दामों में बीते चार कारोबारी दिनों में आई गिरावट के बाद मंगलवार को फिर तेजी देखने को मिली। डॉलर इंडेक्स में 1.69 अंक की गिरावट के चलते कई बड़े निवेशक सोने और चांदी की ओर लौटे। इसके अलावा भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बनी सहमति को भी तेजी का कारण बताया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सोमवार को बड़े निवेशकों और सटोरियों की सक्रियता बढ़ने से कामेक्स पर सोना वायदा 22 डॉलर की बढ़त के साथ 4907 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 379 सेंट की बढ़त के साथ 86.65 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।

भारतीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। इंदौर में मंगलवार को सोना केडबरी 158500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 269000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। हालांकि, छोटे निवेशकों में गिरावट के बाद बेचने की प्रवृत्ति रही, जबकि बड़े निवेशकों की मांग मजबूत बनी। ज्वेलर्स का कहना है कि मुनाफावसूली की वजह से कुछ निवेशकों ने माल हल्का कर दिया।

अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल डेटा और मौद्रिक नीति पर इस सप्ताह निवेशकों की नजर है। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव कम होने से सोने के सुरक्षित निवेश की मांग पर असर पड़ा।

कामेक्स वायदा में सोना ऊपर 4949 डॉलर और नीचे 4654 डॉलर प्रति औंस, चांदी ऊपर 87.92 डॉलर और नीचे 78.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

इंदौर के बंद भाव में सोना केडबरी नकद 158500 रुपये, सोना आरटीजीएस 151000 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 138400 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। चांदी चौरसा 269000, चांदी आरटीजीएस 273000, चांदी टंच 269500 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 3000 रुपये प्रति नग बिक रहा है।

close