डूंगरपुर में पुलिस का ‘एक्शन संस्कार’, सड़कों पर स्टंटबाजी पड़ी भारी; 25 पावर बाइक जब्त

डूंगरपुर: जिले की सड़कों पर तेज रफ़्तार से पावर बाइक दौड़ाने और स्टंट कर अपनी व दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिले में चलाये जा रहे ऑपरेशन संस्कार एवं सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार एवं वृत्ताधिकारी तपेन्द्र मीणा के सुपरविजन में सदर थाना पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी कर यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वालों को कड़ा सबक सिखाया. ​पुलिस टीम ने देवल, गामड़ी मोड और मोतली मोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और स्टंट करने वाले चालकों की 25 पावर बाइक डिटेन कीं.
इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4 चालकों को भी गिरफ्तार कर उनकी मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गईं. पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्टंटबाजों में हड़कंप मच गया. ​इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सदर थाना से उनि रमेश चन्द्र, एएसआई राजकुमार, एचसी कन्हैयालाल, कानि. मगनलाल, दिनेश कुमार, प्रकाशचन्द्र, मांगुलाल और रामकिशोर शामिल रहे. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके और शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके.

close