फतेहपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप, पति-ससुर समेत 8 पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज; जांच में जुटी पुलिस

फतेहपुर: जनपद फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर गांव में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी. मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज के लिए सुनियोजित हत्या करार देते हुए पुलिस में तहरीर दी है. मामले में पुलिस ने मृतका के पति, ससुर समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
मृतका की पहचान ज्योति देवी (22) पत्नी विनय कुमार के रूप में हुई है. ज्योति के भाई अनिल कुमार निवासी ग्राम दंदवा महमूदपुर, थाना कल्याणपुर ने बिंदकी कोतवाली पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए. अनिल कुमार के मुताबिक, उसकी बहन को ससुराल पक्ष लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था और आखिरकार उसे मौत के घाट उतार दिया गया.
भाई ने दर्ज कराया मुकदमा
पीड़ित भाई अनिल कुमार ने सोमवार करीब दोपहर 1 बजे पुलिस को तहरीर देकर अपनी बहन की हत्या का आरोप लगाया. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति विनय कुमार, ससुर छेददी, देवर/भाई सुल्तान, मलखान, दो ननदें, और दो नंदोई संतोष कुमार व शत्रुघ्न सहित कुल 8 नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है.
दहेज हत्या की धाराओं में केस
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद गांव में तनाव और चर्चा का माहौल है. मायके पक्ष का कहना है कि ज्योति की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि यह दहेज लोभियों द्वारा की गई निर्मम हत्या है.
पुलिस जांच में जुटी
बिंदकी कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह मामला एक बार फिर समाज में फैली दहेज की कुरीति और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की भयावह तस्वीर सामने लाता है.











