सट्टा कारोबार पर शिकंजा: रायपुर में छिपे खाईवाल को कांकेर पुलिस ने दबोचा, नकदी और मोबाइल जब्त

कांकेर जिले की चारामा पुलिस ने सट्टा खिलाने वाले खाईवाल को गिरफ्तार कर अवैध जुए के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, नकदी और हजारों रुपए की सट्टा-पट्टी जब्त की है। इस कार्रवाई में कांकेर साइबर सेल की अहम भूमिका रही।
पुलिस को 27 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चारामा के वार्ड क्रमांक 04 शीतलापारा में एक व्यक्ति पान ठेले के पास अंकों पर पैसे का दांव लगाकर सट्टा लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परमेश्वर यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके पास से सट्टा लिखी पर्ची, डॉट पेन और 2330 रुपए नकद बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान परमेश्वर यादव ने बताया कि वह नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी के निर्देश पर सट्टा लिख रहा था, जो बंगलापारा चारामा का निवासी है। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुख्य आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 3 फरवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए वहां छिपा हुआ था। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, नकदी रकम और बड़ी मात्रा में सट्टा-पट्टी बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।










