बिहार: मजदूर की ईंट-भट्ठे पर संदिग्ध परिस्थियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद में 27 वर्षीय एक युवक की ईंट भट्ठे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की है. मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के फॉरपर गांव निवासी विकास चौहान के पुत्र मुरारी कुमार के रूप में हुई है.
घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और मौत के कारण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, मुरारी रामनगर स्थित ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी करता था. शुक्रवार की शाम वह भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाना सीख रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया. पता चला कि कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई.
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मच गया कोहराम
हालांकि, घटना को लेकर एक दूसरा पक्ष भी सामने आ रहा है. सूत्रों के अनुसार मुरारी भट्ठे पर काम खत्म करने के बाद रामनगर बाजार गया था. इसी दौरान हरिहरगंज-टंडवा रोड पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. इस दावे के अनुसार हादसा सड़क पर हुआ, न कि भट्ठे पर, लेकिन इन दोनों में से किस घटना में उसकी जान गई. इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि घटना के बाद स्थानीय टंडवा थाना को तत्काल सूचना नहीं दी गयी थी. बाद में सदर अस्पताल कर्मियों द्वारा नगर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.
सड़क हादसे की चर्चा भी क्षेत्र में तेजी से फैल रही
सूचना मिलते ही नगर थाना के एसआई चंदन कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई. घटना के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर पलटने की घटना हुई थी तो तत्काल थाना को सूचना क्यों नहीं दी गई.
वहीं, सड़क हादसे की चर्चा भी क्षेत्र में तेजी से फैल रही है. इस बीच यह भी बताया जा रहा है कि मामले को जल्दबाजी में रफा-दफा कर दिया गया और परिजनों को अधिक जानकारी नहीं दी गई. पोस्टमार्टम के बाद शव को एंबुलेंस से उसके पैतृक गांव भेज दिया गया. टंडवा थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर घटना की जानकारी उन्हें नहीं मिली थी. बाद में सूचना मिलने पर जांच की गई जिसमें पता चला कि युवक भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाना सीख रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर पलट गया और दबने से उसकी मौत हो गई.
थानाध्यक्ष ने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. यदि किसी प्रकार की लापरवाही या तथ्य छिपाने की बात सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी.  फिलहाल मुरारी कुमार की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक युवा मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

close