सीधी के पड़रा में बारात बनी रणभूमि: खुशी पैलेस के पास घराती-बराती भिड़े, लाठी-डंडों से हमला; 3 गंभीर घायल

सीधी: जिले के पड़रा में बारात के दौरान अचानक तनावपूर्ण स्थिति बन गई. जानकारी के अनुसार, बारात खुशी पैलेस के पास से गुजर रही थी, तभी घराती और बराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. जहा देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. वही इस झड़प में कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारात में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे. माहौल उत्सवपूर्ण था, लेकिन अचानक किसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी इस हंगामे से अछूते नहीं रहे. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तब जाकर स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई.
झगडे के पास की पान दुकान के संचालक नितेश माझी ने बताया कि बारात सामान्य रूप से गुजर रही थी, तभी अचानक मारपीट शुरू हो गई. उनके अनुसार, विवाद का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका, परंतु झगड़ा काफी उग्र था और कई लोग लहूलुहान नजर आए. घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
वही इस घटना के संबंध में पुलिस को औपचारिक शिकायत नहीं मिली है. अभिषेक उपाध्याय, थाना प्रभारी कोतवाली, ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष द्वारा आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील भी की है.











