इजरायल में एयर स्पेस बंद, तेल अवीव जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी


नई दिल्ली। एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 इजराइल में एयरस्पेस बंद होने के कारण वापस भारत लौट रही है। यह फ्लाइट 28 फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव जा रही थी। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। यह घटना इजराइल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और तेहरान पर हमलों के बाद क्षेत्रीय एयरस्पेस बंद होने के कारण हुई है।
एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान में कहा, “AI139 दिल्ली से तेल अवीव के लिए 28 फरवरी को संचालित हो रही है, जो इजराइल में एयरस्पेस बंद होने के कारण भारत वापस लौट रही है।” कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। वे स्थिति का निरंतर मूल्यांकन कर रहे हैं और आवश्यकतानुसार उड़ानें फिर से संचालित करेंगे।
कई एयरलाइंस की सेवाएं प्रभावित
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते कई एयरलाइंस ने उड़ानें प्रभावित की हैं। एयर इंडिया दिल्ली-तेल अवीव रूट पर आगे की उड़ानों की स्थिति की समीक्षा कर रही है और यात्रियों को अपडेट्स प्रदान करने का आश्वासन दिया है।











