बहराइच में खून की होली: जमीन के पैसों पर सनकी बेटे का खूनी तांडव, माता-पिता-दादी और बहन की कर दी हत्या

उत्तर प्रदेश : बहराइच के रूपईडीहा थाना क्षेत्र के बसन्तपुर रूदल (रामगांव) में आधी रात ऐसा खूनी तांडव हुआ कि पूरा गांव दहल उठा.जमीन बेचने के पैसों को लेकर भड़के एक बेटे ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए अपने ही परिवार को मौत के घाट उतार दिया.कुल्हाड़ी से किए गए बर्बर हमले में माता-पिता, दादी और बहन की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि बड़े भाई को भी जान से मारने की कोशिश की गई.

वादी गुरूदेव पुत्र बदलू वर्मा के अनुसार, 01/02 मार्च की रात करीब 12 बजे अचानक घर से चीख-पुकार की आवाजें गूंजने लगीं जब वह बाहर निकले तो सामने खून से लथपथ खौफनाक मंजर था.छोटा भाई निरंकार जमीन और गहनों की बिक्री के पैसे न मिलने से इस कदर उग्र था कि उसने कुल्हाड़ी उठाकर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए.जिसने भी रोकने की कोशिश की, वह उसकी कुल्हाड़ी का शिकार बन गया.

हमले में पिता बदलू राम (60), मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और 80 वर्षीय दादी सिताला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घर के आंगन में चारों ओर खून बिखरा पड़ा था.आरोपी ने बड़े भाई गुरूदेव के सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के समय गुरूदेव का बेटा आजाद भी घर में मौजूद था और उसने भी यह खौफनाक दृश्य देखा। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचते ही आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अपने सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया। घायल गुरूदेव का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में जारी है.

पुलिस अधीक्षक बहराइच सहित फोरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया.चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। थाना रूपईडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 41/2026 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन के पैसों को लेकर उपजा विवाद इस नरसंहार की वजह बनाफिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा है और भारी पुलिस बल तैनात है.पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच में जुटी है.

close