मैहर: मानसिक बीमारी से जूझ रहे युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सूरत से लौटने के बाद से था परेशान

मैहर: मध्य प्रदेश के उंचेहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शिवरामपुर में बुधवार की शाम एक हृदय विदारक घटना घटी, जहाँ 28 वर्षीय एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है.
मृतक की पहचान सूरज लोधी (28), पिता जगदीश लोधी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम जब परिवार के अन्य सदस्य खेतों पर काम करने गए हुए थे, तब सूरज घर पर अकेला था. इसी सूनेपन का फायदा उठाकर उसने कमरे के अंदर फांसी लगा ली. शाम को जब परिजन काम से वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। सूरज का शव फंदे पर झूलता मिला, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई.
मानसिक तनाव और बीमारी बनी वजह!
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सूरज पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा था। वह गुजरात के सूरत में रहकर काम करता था, लेकिन करीब छह महीने पहले जब से वह गांव वापस लौटा था, उसके व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था।
वह अक्सर गुमसुम रहता था. उसने लोगों से बातचीत करना लगभग बंद कर दिया था. परिजनों के मुताबिक उसका मानसिक उपचार भी चल रहा था, लेकिन अवसाद (डिप्रेशन) ने उसे इस आत्मघाती कदम तक पहुँचा दिया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही उंचेहरा पुलिस सक्रिय हुई.सहायक उपनिरीक्षक (ASI) संतोष सिंह अपने सहयोगी आरक्षक कौशल गुर्जर के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शव को फंदे से नीचे उतरवाया और मौके का मुआयना किया। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. परिजनों के बयानों के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.”- पुलिस विभाग
यदि आप या आपके जानने वाले किसी भी तरह के मानसिक तनाव या कठिन समय से गुजर रहे हैं, तो कृपया सहायता लें. आप किसी विश्वसनीय मित्र, परिवार के सदस्य या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं. आपकी जान कीमती है.











