रजत बंसल को छत्तीसगढ़ में मिली दोहरी जिम्मेदारी, जनसंपर्क आयुक्त के साथ सौंपा गया विशेष सचिव का दायित्व; उपलब्धियों से भरा है उनका जीवन

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को जनसंपर्क आयुक्त (सीपीआर) के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश को एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम के रूप में देखा जा रहा है।

इस पद के लिए उनकी नियुक्ति क्यों हुई?

जनसंपर्क आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पद के लिए रजत बंसल का चयन उनकी कार्यकुशलता और व्यक्तिगत विशेषताओं के आधार पर किया गया। इस पद का मुख्य उद्देश्य सरकार की सकारात्मक छवि को स्थापित करना होता है और बंसल इस भूमिका के लिए उपयुक्त माने गए। माइनिंग विभाग में उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने उल्लेखनीय सुधार किए। महज तीन महीनों में उन्होंने सरकार के राजस्व में 300 करोड़ रुपये की वृद्धि कराई। इसके साथ ही, अवैध खनन पर नियंत्रण पाने के लिए उन्होंने ड्रोन निगरानी प्रणाली लागू की, जिसका संचालन सीधे रायपुर से किया जाएगा। इस पहल से खनन माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है। व्यक्तिगत स्तर पर भी उनकी छवि मजबूत रही है। पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त के परिवार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने हमेशा लो-प्रोफाइल बनाए रखा। उनकी विनम्रता और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अच्छी प्रतिष्ठा ने उन्हें इस पद के लिए एक मजबूत दावेदार बनाया।

रजत बंसल का प्रशासनिक योगदान और नेतृत्व

रजत बंसल अपने प्रशासनिक करियर में प्रभावी कार्यशैली, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने वाले निर्णयों के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने विभिन्न जिलों में अपनी तैनाती के दौरान विकास परियोजनाओं को गति देने, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनता के साथ सीधे संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में कई जिलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शहरी व्यवस्थाओं में सुधार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

सहायक कलेक्टर के रूप में रजत बंसल का पहला पद

रजत बंसल ने 3 सितंबर 2012 को आईएएस सेवा में प्रवेश किया और प्रारंभिक प्रशिक्षण के दौरान रायगढ़ में सहायक कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला। अगस्त 2014 में उन्हें राजनांदगांव में एसडीएम नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने प्रशासनिक समन्वय और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके बाद वे राजनांदगांव और सूरजपुर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रहे, जहां उन्होंने ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पंचायत स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सराहनीय भूमिका निभाई।

रायपुर नगर निगम के कमिश्नर के रूप में उन्होंने शहरी विकास, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई पहलें कीं। इसके अलावा धमतरी, बस्तर और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में कलेक्टर के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, जनसुनवाई और विकास कार्यों के संतुलन को प्राथमिकता दी।

बस्तर कलेक्टर के रूप में उनकी प्रमुख उपलब्धियां

बस्तर कॉफी व कृषि: उन्होंने दंतेवाड़ा और बस्तर में कॉफी की खेती को बढ़ावा देकर इसे ‘बस्तर कॉफी’ के रूप में ब्रांड किया, जो पारंपरिक खेती का एक मजबूत विकल्प बना।

मलेरिया व स्वास्थ्य: बस्तर में मलेरिया के खिलाफ एक व्यापक और रणनीतिक लड़ाई का नेतृत्व किया, जिससे मलेरिया के मामलों में भारी कमी आई।

जन-संवाद (हलबी बोली): स्थानीय आदिवासियों से जुड़ने के लिए उन्होंने हलबी बोली में वीडियो संदेश जारी किए, जिससे प्रशासन और आदिवासियों के बीच की दूरी कम हुई।

पर्यटन को बढ़ावा: बस्तर में पर्यटन समितियों का गठन किया और होमस्टे (होम स्टे) को बढ़ावा दिया, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिले।

जगदलपुर एयरपोर्ट: जगदलपुर हवाई अड्डे की स्थापना और संचालन में अहम भूमिका निभाकर बस्तर को बाहरी दुनिया से सीधे हवाई मार्ग से जोड़ा।

निजी जनसुनवाई: कलेक्टर के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर, यहां तक कि साइकिल या पैदल भ्रमण के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान किया, जिससे उनकी कार्यशैली को ‘आरसीवीपी नरोन्हा’ की तरह समर्पित माना गया।

रजत बंसल का प्रोफेशनल और शैक्षिक सफर

छत्तीसगढ़ कैडर के 2012 बैच के आईएएस रजत बंसल हरियाणा के रहने वाले है। उनके पिता भारतीय वन सेवा के अधिकारी थे। वे यूपी कैडर के आईएफएस अधिकारी रहे इसलिए रजत की शुरूआती स्कूली शिक्षा यूपी में हुई। रजत बंसल का जन्म 25 जुलाई 1988 को हुआ है। उनकी स्कूली शिक्षा लॉ मार्टिनियर स्कूल लखनऊ व डीपीएस स्कूल आरके पुरम दिल्ली से हुई है। दसवीं में रजत बंसल ने स्कूल में टॉप किया था। बीट्स प्लानी से कंप्यूटर साइंस ब्रांच से इंजीनियरिंग किया। पढ़ाई के दौरान फ्रांस में एक ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल हुए। जिसमे उन्हें स्कॉलरशिप मिली। इसके साथ ही उन्होंने अपने पहले प्रयास में आईपीएस रैंक हासिल की और दूसरे प्रयास में आईएएस सेवा में चयनित हुए।

वहीं, वर्तमान जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे राज्य के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। सरकार के इस फैसले से प्रशासनिक कार्यों में और अधिक गति और प्रभावशीलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

close
Virus-free.www.avast.com