पटना में खतरे के निशान से 2 फीट ऊपर गंगा:निचले इलाकों में भरा पानी, बक्सर में नेशनल हाई-वे डूबा; 5 जिलों में बारिश-31 में अलर्ट

बिहार में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पटना, बेगूसराय, जहानाबाद, खगड़िया और मुजफ्फरपुर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी पटना समेत प्रदेश के 31 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बाकी 7 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। काले बादल छाए रह सकते हैं। उमस बढ़ने की संभावना है। पटना के दानापुर में गंगा खतरे के निशान से 2 फीट ऊपर बह रही है। निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। बक्सर में नेशनल हाई-वे पानी में डूबा है।

मंगलवार को पटना में तेज बारिश हुई, जिसके बाद कई इलाकों में पानी भर गया। देर शाम सुपौल में भी तेज बारिश हुई। बक्सर, भोजपुर और खगड़िया में रुक-रुककर बारिश होती रही।

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और उससे सटे गंगीय इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे ओडिशा, झारखंड और बिहार में बारिश की संभावना है। यह सिस्टम अगले 48 घंटे यानी 5 सितंबर तक बना रहेगा।

बिहार में गंगा उफान पर है

वहीं बिहार में गंगा उफान पर है। इंद्रपुरी बराज से सोन में 4.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पटना में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। दीघा घाट पर गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

पुनपुन नदी भी लाल निशान से 160 सेमी ऊपर पहुंच चुकी है। सदर प्रखंड के नकटा दियारा, दानापुर के पन्नापुर दियारा समेत मोकामा और – बख्तियारपुर के दियारा इलाके में स्कूल बंद हैं। अस्पताल में पानी भरने के बाद इलाज प्रभावित है।

मौसम से जुड़े हाईलाइट्स

  • जहानाबाद में दरधा नदी में अचानक पानी आने के कारण जाफरगंज पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। पुल के ऊपर से लगभग 2 फीट पानी बह रहा है। बक्सर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से उसकी सहायक नदियां भी उफान पर हैं।
  • कर्मनाशा नदी का पानी सिकरौल गांव के रास्ते पर तीन फीट ऊपर तक चढ़ गया। जिससे गांव के लोगों को आने जाने परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के अधिकतर लोग इसी रास्ते से जान जोखिम में डाल कर आ जा रहे हैं।
  • कैमूर की पहाड़ी पर पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। जिसके कारण गुप्ता धाम के बगल से गुजर रही दुर्गावती, सुगवा, नौहट्‌टा के अवसानी, तिलौथू के तुतलाही, सासाराम के काव नदियां उफान पर हैं।
  • सुगवा नदी का पानी गुप्ता धाम के मुख्य द्वार तक पहुंच गया है। धाम के सामने लगी दर्जन भर दुकानें इस बाढ़ में बह गई। सहरसा में तेज हवा के चलते 15 लोगों से भरी नाव पलट गई। घटना में एक महिला की मौत हो गई। एक बच्ची लापता है।
  • भागलपुर के नवगछिया में 100 साल पुराना दुर्गा मंदिर कटाव में गंगा में समा गया। जिले में मंगलवार को एक बार फिर एक नाव तेज धार की चपेट में आ गई। नाव पर 11 मजदूर सवार थे। फिलहाल सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close