लखनऊ में बारिश से हाल बेहाल, पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा के आवास के पास धंसी सड़क, बना 10 फीट गहरा खतरनाक गढ्ढा

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद सड़कों की बदहाली सामने आई. आईटी चौराहे के पास मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया. यह गड्ढा पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास से कुछ कदम की दूरी पर बना है. अचानक सड़क धंसने से रास्ते से गुजर रहा एक बाइक सवार गड्ढे में जा गिरा. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बाइक सवार को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

मंगलवार दोपहर से शाम तक लखनऊ में तेज बारिश हुई. करीब दो घंटे तक लगातार हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. कई सड़कों पर पानी भरने के साथ ही जगह-जगह गड्ढे होने की भी सूचना सामने आई. इसी दौरान आईटी चौराहे के पास मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और वहां बड़ा गड्ढा बन गया. बताया जा रहा है कि गड्ढा करीब 7 से 10 फीट तक गहरा था. सड़क के बीचोंबीच अचानक बने इस गड्ढे की वजह से राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो गया. इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार गड्ढे को देख नहीं पाया और सीधे उसमें जा गिरा.

स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को बाहर निकाला

बाइक सवार के गड्ढे में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बाइक सवार को गड्ढे से बाहर निकाला. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. हादसे में बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे वाले स्थान के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी, ताकि कोई दूसरा वाहन या राहगीर गड्ढे में न गिर जाए. सड़क पर गड्ढा होने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ.

VIP रोड पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल

जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वह शहर का व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं. ऐसे में सड़क के अचानक धंसने और कई फीट गहरा गड्ढा बनने से बड़ा हादसा हो सकता था.

लोगों ने सवाल उठाया कि अगर सड़क पर बने गड्ढे के चारों ओर समय रहते बैरिकेडिंग कर दी जाती, तो बाइक सवार हादसे का शिकार होने से बच सकता था. हादसे के बाद बैरिकेडिंग किए जाने को लेकर भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

बारिश के बाद तीन जगह बने गड्ढे

लगातार बारिश के बाद लखनऊ में कम से कम तीन स्थानों पर सड़क धंसने या गड्ढे बनने की स्थिति सामने आई. आईटी चौराहे के पास हुई घटना ने सड़क की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शहर की प्रमुख सड़क और VIP इलाके के पास इस तरह सड़क धंस सकती है, तो बाकी इलाकों में सड़कों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से सड़कों की जांच कराने और बारिश के बाद बने गड्ढों को तत्काल भरने की मांग की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close