मोहला-मानपुर में बदला मौसम, आंधी-बारिश से पेड़ गिरे, आम की फसल को नुकसान

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।

मोहला विकासखंड के नेतामटोला, पटेली, अरजकुंड और कुंवारदल्ली समेत आसपास के गांवों में दोपहर बाद करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। आंधी-तूफान के दौरान नेतामटोला-टेलीटोला मार्ग पर सड़क किनारे लगा एक विशाल आम का पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर रास्ता फिर से चालू कराया।

अंबागढ़ चौकी विकासखंड के कौड़ीकसा-पाटन मार्ग पर भी अरजकुंड के पास एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे गिर गया। वहीं जिला मुख्यालय मोहला और आसपास के क्षेत्रों में आधे घंटे तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। मानपुर क्षेत्र में भी करीब एक घंटे तक तेज हवा और बूंदाबांदी का दौर चला।

हालांकि अंबागढ़ चौकी नगर में मौसम का असर कम रहा और लोग पूरे दिन गर्मी से परेशान रहे। ग्रामीण इलाकों में जरूर बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिली।

पिछले एक सप्ताह से जिले में मौसम लगातार बदल रहा है। शाम के समय अचानक आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं का सबसे ज्यादा असर आम की फसल पर पड़ रहा है। पेड़ों से आम टूटकर गिरने से किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।

The post मोहला-मानपुर में बदला मौसम, आंधी-बारिश से पेड़ गिरे, आम की फसल को नुकसान appeared first on Nation Update.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com