Chhattisgarh के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटाया कारकेड

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपने कारकेड में कटौती की है। मिली जानकारी मुताबिक पहले मुख्यमंत्री के काफिले में 13 गाड़ियां शामिल रहती थीं, जिसे घटाकर अब 8 कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में ई-व्हीकल के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इससे पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी अपने काफिले और प्रोटोकॉल वाहनों में कटौती का फैसला ले चुके हैं।
श्री साय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किया गया आह्वान आज समय की मांग है। वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस कठिन दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है।
इसी भावना से प्रेरित होकर, मेरे आधिकारिक भ्रमणों के दौरान अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। मैंने मंत्रीगणों तथा विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी वाहनों एवं अन्य सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया है।
साथ ही, राज्य के समस्त शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में परिवर्तित करने की दिशा में ठोस कार्यवाही शुरू की जाएगी।
मैं प्रदेशवासियों से हार्दिक अपील करता हूँ कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करें, कारपूलिंग को अपनाएं और अनावश्यक निजी वाहनों के प्रयोग से बचें। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से हम बड़े परिवर्तन ला सकते हैं।
आइए, हम सब “Nation First” की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाएं। आपका एक जागरूक कदम राष्ट्र के हित में महत्वपूर्ण योगदान देगा।










