सर्किट हाउस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना में स्टोर रूम में रखा सामान, फ्रिज, अलमारी और सीलिंग फैन जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
सुबह 6:30 बजे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे सर्किट हाउस परिसर से धुआं निकलता देख कर्मचारियों ने इसकी सूचना प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी। आग तेजी से स्टोर रूम तक फैल गई, जिससे वहां रखा इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान जल गया। समय रहते आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायर ब्रिगेड और अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने में जुट गए। अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना है।
नुकसान का आकलन जारी
आगजनी की घटना में सर्किट हाउस के स्टोर रूम में रखा काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।











