मुंगेली में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के बाद घर में घुसकर अपहरण की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पहले छात्रा को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया और बाद में घर में घुसकर उसे भगाने की कोशिश की। मामला लालपुर थाना क्षेत्र का है।

खेत में ले जाकर किया दुष्कर्म

लालपुर थाना पुलिस के अनुसार आरोपी आशीष सोनवानी ने छात्रा को लोरमी बस स्टैंड से अपनी बाइक पर बैठाया और बिलासपुर रोड स्थित एक खेत में ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता डरी-सहमी रही।

रात में घर पहुंचकर अपहरण की कोशिश

पुलिस जांच में सामने आया कि 3 जून की रात करीब 2 बजे आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान परिजनों की नींद खुल गई। परिवार के लोगों को जागता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिकायत के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़िता की लिखित शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर लालपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com