बांका कांड के आरोपियों की गिरफ्तारी कब… तेजस्वी बोले- क्या इनकी भी रील-जाति देख प्रतिक्रिया देंगे सम्राट चौधरी

बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ शोषण, अभद्र व्यवहार और मारपीट का एक के बाद एक वीडियो वायरल हो रहे हैं. जमुई, समस्तीपुर के बाद अब बांका के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना ने झकझोर कर रख दिया है. इस बीच बिहार में नेता विपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर करारा हमला बोला है.

पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नेकहा कि बिहार में कानून व्यवस्था मरणसेज है. उन्होंने सवाल किया ‘जमुई कांड के शेष पांच आरोपियों का क्या हुआ? समस्तीपुर कांड के आरोपियों को क्या सजा मिली या समीकरण के आधार पर छूट? बांका के इन दरिंदों को कब पकड़ा जाएगा?’. साथ ही कहा, ‘क्या इनकी भी Reel और जाति देख ‘सातवीं फेल जाति विशेषज्ञ’ मुख्यमंत्री प्रतिक्रिया देंगे’.

‘ न्याय और सभ्य समाज की नींव खोखला कर रहे’

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने एक्स पोस्ट में नाबालिग लड़कियों के साथ हो रहे शोषण पर ये प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर कटाक्ष किया. तेजस्वी ने लिखा, ‘ कठपुतली मुख्यमंत्री अपने अनाड़ीपन, बड़बोलेपन, अपरिपक्वता और पुलिस कार्य प्रणाली में ग़ैर जरूरी हस्तक्षेप से न्याय और सभ्य समाज की नींव को प्रतिदिन खोखला कर रहे है.’

आजेडी नेता ने मुख्यमंत्री पर जाति देखकर सजा देने का आरोप लगाया. उन्होंने सवाल किया नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म और दुर्व्यवहार करने वाले दरिंदों की सामाजिक पृष्ठभूमि देख ही न्याय क्यों? तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपराधियों की जातीय पहचान देख न्याय और सजा की प्राथमिकता तय करने को लेकर जबाव देने की मांग की.

बिहार में नाबालिग छात्राओं के साथ तीन बड़ी घटना

बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ इन घटनाओं ने शर्मसार कर दिया है. पहलेजमुई के मड़वा पहाड़ी पर छात्रा से बदसलूकी करने वाला भयावह वीडियो आया. इस मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था. वहीं, अगले ही दिन समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम क्षेत्र में लड़की से छेड़खानी करने के मामले ने चौंका दिया.

पुलिस ने समस्तीपुर की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 मनचलों को जेल भेजा है. वहीं अब, बांका से वीडियो सामने आने के बाद और हड़कंप मचा गया है. वायरल वीडियो में 3 से 4 युवक लड़की को घेरकर डरा-धमका रहे हैं. अब देखना यह होगा कि बांका पुलिस मंदार पर्वत पर गुंडागर्दी करने वाले इन सिरफिरे दबंगों को कब तक गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजती है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close