स्वच्छता अभियान में निगम की बड़ी कार्रवाई, बेकरी समेत कई प्रतिष्ठानों पर ₹44,200 का जुर्माना

रायपुर में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की है। जोन-6 की टीम ने मठपुरैना स्थित एक बेकरी में गंदगी मिलने, निर्माण मलबा खुले में फेंकने और दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने के मामलों में कुल 44,200 रुपए का जुर्माना वसूला है। निगम का कहना है कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
बेकरी में गंदगी मिलने पर हुई कार्रवाई
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान मठपुरैना स्थित एक बेकरी में स्वच्छता संबंधी शिकायतों को सही पाया। जांच में परिसर के भीतर और आसपास गंदगी मिलने पर संचालक के खिलाफ जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बेकरी प्रबंधन को भविष्य में स्वच्छता मानकों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी।
निर्माण मलबा और डस्टबिन नहीं रखने वालों पर भी जुर्माना
अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सी एंड डी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट खुले में पड़ा मिला। निगम अधिकारियों ने संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी करते हुए दोबारा ऐसी लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आर्थिक दंड भी लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में डस्टबिन नहीं पाए गए और आसपास कचरा फैला हुआ मिला। निगम टीम ने दुकानदारों को तत्काल डस्टबिन रखने और परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए। नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों पर भी जुर्माना लगाया गया।
स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हाजरी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलिहारी, अजय शर्मा, अभिषेक जायसवाल सहित स्वास्थ्य और नगर निवेश विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने, निर्माण मलबा छोड़ने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों, दुकानदारों और भवन मालिकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर तत्काल जांच और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।









