भिलाई में चाकूबाजी की दो वारदातों से सनसनी, थर्ड जेंडर समेत तीन लोग घायल

दुर्ग। भिलाई शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। दो दिनों के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इन वारदातों में एक थर्ड जेंडर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घर में घुसकर थर्ड जेंडर पर जानलेवा हमला
पहली घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-6 ए-मार्केट की है। यहां रहने वाली थर्ड जेंडर ‘रानी’ पर कुछ अज्ञात युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने उसके गले पर चाकू से कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रानी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
जन्मदिन पार्टी में बहा खून
दूसरी घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अटल आवास की है। यहां इंदिरा गांधी कॉलेज के पास एक जन्मदिन समारोह चल रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बृजलाल मौर्य तथा राजू विश्वनाथ पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सुपेला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भिलाई नगर और वैशाली नगर थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।









