पर्यावरण और स्वास्थ्य का संगम: विश्व साइकिल दिवस पर छत्तीसगढ़ में चली जागरूकता की साइकिल

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में साइकिल रैली, फिटनेस कार्यक्रम और जुम्बा सत्रों का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जिला प्रशासन और सामाजिक संगठनों की पहल पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मनेन्द्रगढ़ में कलेक्टर ने संभाली रैली की कमान
मनेन्द्रगढ़ में आयोजित साइकिल रैली का नेतृत्व कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने किया। सुरभि पार्क से शुरू हुई रैली को 18वीं बटालियन के प्रमुख संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कोरिया में साइकिल रैली के साथ जुम्बा का आयोजन
कोरिया जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा घड़ी चौक से मिनी स्टेडियम तक साइकिल रैली निकाली गई। कलेक्टर रोक्तिमा यादव और प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने स्वयं साइकिल चलाकर फिट इंडिया अभियान का संदेश दिया। इसके बाद मिनी स्टेडियम में आयोजित जुम्बा कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लेकर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
बेमेतरा में फिटनेस और खेल का अनोखा संगम
बेमेतरा में जय स्तंभ चौक रविवार को फिटनेस के रंग में रंगा नजर आया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में साइकिल रैली, सामूहिक जुम्बा और ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह का आयोजन किया गया। विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू और कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने साइकिल चलाकर रैली का नेतृत्व किया। जुम्बा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन ने स्वास्थ्य, खेल और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।










