महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कटहल लदे वाहन से करोड़ों की नशे की खेप बरामद

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल की आड़ में तस्करी कर ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजे को जब्त किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 62.85 लाख रुपये आंकी गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, सिंघोडा पुलिस रेहटीखोल जांच नाका पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में बड़ी मात्रा में कटहल लोड था, लेकिन पुलिस को वाहन पर संदेह हुआ।
कटहल के पीछे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस ने कटहल के पीछे छिपाकर रखे गए 125.700 किलोग्राम गांजे को बरामद किया। गांजे की बाजार कीमत लगभग 62 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से प्रयागराज ले जाई जा रही थी खेप
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की खेप ओडिशा के बलांगीर जिले से खरीदकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जा रहे थे। वहां इसे खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com