कोरबा में खूनी विवाद: कटर से युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

कोरबा। जिले के रामनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 04 जून 2026 को शाम करीब 6:40 बजे रामनगर निवासी प्रकाश सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र प्रदीप दास मोहल्ले में मौजूद थे, तभी पुरानी रंजिश को लेकर ईश्वर बंजारे ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे कटरनुमा धारदार हथियार से प्रदीप दास पर हमला कर दिया। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।

बीच-बचाव करने वालों से भी की मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद घायल प्रदीप दास को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ मामला

प्रकाश सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 493/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296 और 115(2) के तहत मामला कायम किया। बाद में चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने आरोपी ईश्वर बंजारे (21 वर्ष), निवासी रामनगर, कोरबा की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com