ओपी चौधरी ने अफसरों को दी चेतावनी, बोले- जनप्रतिनिधियों से विवाद नहीं, विकास कार्यों पर दें ध्यान

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने सोमवार को अंबिकापुर में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय और बेहतर व्यवहार बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।

जनप्रतिनिधियों के सम्मान और समन्वय पर जोर

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखें और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि अफसरों और जनप्रतिनिधियों के बीच किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बननी चाहिए।चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।

हाल के विवादों की पृष्ठभूमि में आया बयान

गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद सामने आए हैं। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, वहीं अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर भी चले गए थे।इसके अलावा प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने सार्वजनिक मंच से राजस्व विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई थी। सामरी विधायक ने भी राजपुर एसडीएम के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की थी। वहीं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि भी समय-समय पर अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।

सियान गुड़ी का किया उद्घाटन

अंबिकापुर प्रवास के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सियान गुड़ी का उद्घाटन भी किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली, जिसमें सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, कलेक्टर अजीत वसंत समेत सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश

बैठक के बाद वित्त मंत्री ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधूरे भवन निर्माण को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक राशि जारी की जा चुकी है और अब निर्माण कार्य जल्द शुरू हो, इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी राशि उपलब्ध कराना थी, जो पूरी कर दी गई है। अब प्रभारी मंत्री के तौर पर वे निर्माण कार्य को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से समन्वय करेंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com