ओमान तट के पास जहाज में लगी आग, सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित, रेस्क्यू जारी

ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य के पास सोमवार (8 जून) को एक वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमला हुआ. इस जहाज पर कम से कम 24 भारतीय नाविक सवार थे. बताया जा रहा है कि हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में जोरदार विस्फोट हुआ जिससे भीषण आग लग गई. इस दौरान चालक दल के बीच अफरा-तफरी मच गई. यह घटना पश्चिम एशिया में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच घटी है, जहां ईरान और इजराइल के बीच फिर से जंग शुरू हो गई है.
जानकारी के मुताबिक पलाऊ के झंडे वाला यह मालवाहक जहाज ओमान के तट से करीब 15 समुद्री मील की दूरी पर था तभी उस पर हमला हुआ. धमाका इतना तेज था कि जहाज के इंजन रूम में बड़ा छेद हो गया. जिससे जहाज में तेजी से पानी भरने लगा और उसका संतुलन बिगड़ गया. विस्फोट के बाद इंजन रूम में भीषण आग लग गई.
चालक दल ने किए आपातकालीन कॉल
स्थिति बिगड़ने पर चालक दल ने आपातकालीन कॉल किए.फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने हमले की पुष्टि की है. यूनियन ने बताया कि जहाज पर भारतीय नाविक थे. सूत्रों के मुताबिक हमले में जहाज की लाइफबोट भी क्षतिग्रस्त हो गई. इससे नाविकों को बाहर निकालने में परेशानी हो रही है. अभी राहत और बचाव कार्य जारी है.
MT Marivex नामक जहाज में लगी आग
शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय (MoPSW) के शिपिंग डिवीजन के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि आज दोपहर करीब 1:30 बजे MT Marivex नामक जहाज में आग लगने की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक जहाज पर कुल 24 भारतीय नाविक (सीफेरर्स) मौजूद थे. राहत की बात यह है कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं.
हालात पर रखी जा रही नजर
नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. इस मामले में विदेश मंत्रालय, विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों, भारतीय नौसेना और रक्षा मंत्रालय के साथ कॉर्डिनेशन किया जा रहा है. फिलहाल आग लगने के कारणों और जहाज को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे नई जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा.











