मध्य प्रदेश राज्यसभा: BJP के तीसरे कैंडिडेट से दिलचस्प हुई चुनावी जंग, कांग्रेस ने किया जीत का दावा

मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए बीजेपी के तीसरी कैंडिडेट के मैदान में आने के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. इस बीच आज (सोमवार, 8 जून) कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन और बीजेपी के तीसरे प्रत्याशी महेश केवट ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन विधानसभा में दाखिल किया.

एक तरफ बीजेपी अपने तीसरे कैंडिडेट की जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नजर आ रही है , तो वहीं कांग्रेस अपने आप को एकजुट बताते हुए तीसरी सीट जीतने का भरोसा जता रही है. हालांकि जीत का सेहरा किसके सिर सजेगा ये नतीजों के बाद ही पता चल पाएगा

‘बीजेपी लोकतंत्र का चीरहरण करना चाहती है’

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा बीजेपी के पास तीसरा राज्यसभा सांसद बनाने के लिए 8 से 10 विधायक कम हैं, फिर भी उसने अपने तीसरे उम्मीदवार का नामांकन दाखिल कराया है. पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा बीजेपी लोकतंत्र का चीरहरण करना चाहती है, लेकिन हमारे सभी विधायक एकजुट हैं. उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजकर कांग्रेस बीजेपी को सबक सिखाएगी.

हमारी पार्टी कहती नहीं है बल्कि करके दिखाती है’

आज मध्य प्रदेश बीजेपी उम्मीदवार महेश केवट ने राज्यसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर सीएम ने कहा महेश केवट ने फॉर्म जमा कर दिया है और भविष्य में हम अपनी तीनों राज्यसभा की सीटों से निर्वाचित होकर रहेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी पार्टी कहती नहीं है बल्कि सीधा करके दिखाती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उच्च सदन में प्रतिनिधित्व देकर सभी वर्गों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विजयी होना सभी पार्टियों की इच्छा होती है, हमारे प्रत्याशी सभी से वोटों की अपील करेंगे.

बीजेपी उम्मीदवार महेश केवट ने कहा ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जो जिम्मेदारी हमें दी है, राज्यसभा का जो टिकट दिया है, निश्चित ही हम राज्यसभा जाएंगे और जनता की सेवा का जो मौका मिलेगा उसके लिए मैं उनका आभारी हूं. प्रदेश नेतृत्व, राष्ट्रीय नेतृत्व का मैं आभार व्यक्त करता हूं’.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com