डबल रोल में धमाल मचाएंगे अरशद वारसी, ‘जीवन बीमा योजना’ का टीजर रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ के बाद अब उनकी नई फिल्म ‘जीवन बीमा योजना’ का टीजर सामने आया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि इस फिल्म में अरशद वारसी पहली बार डबल रोल में नजर आने वाले हैं।

क्राइम, कॉमेडी और थ्रिलर का अनोखा मिश्रण

फिल्म ‘जीवन बीमा योजना’ एक क्राइम-कॉमेडी थ्रिलर है, जिसका निर्देशन अभिषेक डोगरा ने किया है। इससे पहले वह ‘डॉली की डोली’ और ‘फ्राईडे’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म में अरशद वारसी के साथ संजीदा शेख, विजय राज, पूजा चोपड़ा और बिजेंद्र काला भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

कर्ज में डूबे कपल की कहानी

फिल्म की कहानी एक ऐसे दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है जो आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान है। पैसों की समस्या से निकलने के लिए वे एक ऐसा रास्ता चुनते हैं, जिससे घटनाओं की एक दिलचस्प और रोमांचक श्रृंखला शुरू हो जाती है। फिल्म में कॉमेडी के साथ-साथ सस्पेंस और क्राइम का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।

टीजर को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स

करीब 1 मिनट 16 सेकंड लंबे टीजर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अरशद वारसी के डबल रोल ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

पोस्ट-प्रोडक्शन में फिल्म, जल्द होगी रिलीज डेट की घोषणा

फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल यह पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है। हालांकि निर्माताओं ने अभी इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि ‘जीवन बीमा योजना’ इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण बीम वेंचर्स लिमिटेड के बैनर तले किया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com