दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री साय: NDA बैठक से लेकर नीति आयोग तक, केंद्र के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़ का विजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज महत्वपूर्ण दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।
NDA बैठक में प्रस्तुत करेंगे राज्य सरकार की रिपोर्ट
दिल्ली में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। बैठक में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
विकास योजनाओं और सुशासन पर होगी चर्चा
बैठक के दौरान राज्यों में चल रही विकास योजनाओं, सुशासन मॉडल, केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय तथा भविष्य की रणनीतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री साय राज्य के विकास संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी बैठक में रखेंगे।
नीति आयोग की बैठक में उठेगा बस्तर विकास का मुद्दा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 जून को भारत मंडपम में आयोजित नीति आयोग की बैठक में भी शामिल होंगे। इस दौरान वे बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज की मांग कर सकते हैं। माना जा रहा है कि बस्तर में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी लाने के लिए विशेष सहायता का प्रस्ताव रखा जाएगा।











