राजसमंद में प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान कुंड में गिरा युवक, मंगेतर के सामने डूबकर मौत; मदद के लिए चिल्लाती रही लड़की

राजस्थान के राजसमंद जिले के दिवेर से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान एक युवक की कुंड में डूबने से मौत हो गई. खुशियों से भरा यह पल कुछ ही सेकंड में मातम में बदल गया. हादसा बघाना स्थित प्रसिद्ध गौरी धाम कुंड में हुआ, जहां चित्तौड़गढ़ निवासी अर्जुन दमानी अपनी मंगेतर और चाचा के साथ घूमने और प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए पहुंचे थे.

अर्जुन अपनी शादी से पहले यादगार तस्वीरें खिंचवाने के लिए गौरी धाम कुंड पहुंचे थे. फोटोशूट के दौरान वह कुंड के किनारे खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे. इसी बीच, अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे सीधे गहरे पानी में जा गिरे. घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अर्जुन गहरे पानी में समा गए.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. अर्जुन की मंगेतर और परिजन मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे. तत्काल घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

कुंड की गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा. गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने लगातार कई घंटों तक युवक की तलाश की. करीब 10 से 15 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार अर्जुन का शव कुंड से बाहर निकाला गया. युवक के शव के मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. शुरुआती जांच में पैर फिसलने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिस प्री-वेडिंग शूट को लेकर परिवार और मंगेतर के चेहरे पर खुशियां थीं, वही पल उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया. मंगेतर के सामने हुए इस हादसे ने हर किसी को भावुक कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरी धाम कुंड बेहद गहरा है और यहां आने वाले पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com