नाबालिगों से दुष्कर्म मामले में पुलिस पर सख्ती : SI लाइन अटैच, ASP को जांच की जिम्मेदारी

बिलासपुर (छत्तीसगढ़) — Bilaspur में 7 वर्षीय दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। मामले में लापरवाही और समझौते के लिए दबाव बनाने के आरोप सामने आने के बाद एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है।
एसएसपी Rajnish Singh ने सिरगिट्टी थाना में पदस्थ उप निरीक्षक (SI) शीतला प्रसाद त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एएसपी Rashmit Kaur Chawla को सौंपी गई है।
समझौते के दबाव के आरोप
पीड़ित बच्चियों की माताओं ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचने पर SI द्वारा मामले में समझौता करने का दबाव बनाया गया था। इसके बाद परिजनों ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
आरोपी नाबालिग पर गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय नाबालिग पर आरोप है कि उसने 7 वर्षीय दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने बताया कि आरोपी बच्चों को चॉकलेट खिलाने के बहाने ले जाता था और बाद में उनके साथ गलत कृत्य करता था। पीड़िताओं ने यह भी बताया कि उन्हें रस्सी से बांधकर रखा जाता था।
जांच के सख्त निर्देश
एसएसपी ने एएसपी को मामले की गहराई से जांच कर जल्द से जल्द चालान (अभियोग पत्र) कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट देने को भी कहा गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











